रेलवे ने 2 साल बाद बहाल की कंबल सुविधा:ट्रेनों में अब फिर लगाए जाएंगे पर्दे, यात्रियों को मिलेंगे कंबल

रेल मंत्रालय ने 2 साल बाद रेल यात्रियों के लिए कंबल सुविधा बहाल कर दी है। हालांकि यह सुविधा अभी केवल लंबी दूरी की ट्रेनों में ही दी गई है।….

रेलवे ने 2 साल बाद बहाल की कंबल सुविधा:ट्रेनों में अब फिर लगाए जाएंगे पर्दे, यात्रियों को मिलेंगे कंबल
भारतीय रेलवे ने ट्रेनों में कंबल और बेडरोल की व्यवस्था बहाल की

रेल मंत्रालय ने 2 साल बाद रेल यात्रियों के लिए कंबल सुविधा बहाल कर दी है। हालांकि यह सुविधा अभी केवल लंबी दूरी की ट्रेनों में ही दी गई है। रेलवे ने मार्च-2020 से कोरोना महामारी के कारण यात्रियों को दिए जाने वाले चादर, तकिया और कंबल देना बंद कर दिया था। इसके पीछे संक्रमण को फैलने से रोकना कारण बताया गया था।

अभी सुविधा मिलने में लग सकता है कुछ और समय : उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉक्टर शिवम शर्मा ने बताया कि कोविड-19 के कारण महामारी और कोविड प्रोटोकॉल को देखते हुए ट्रेनों से यात्रियों की आवाजाही के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोटोकॉल (एसओपी) जारी किया गया था, जिसमें लिनेन चादर, कंबलों और ट्रेनों के अंदर के पर्दों पर पाबंदी लगाई गई थी। हालांकि अभी ट्रेनों में कंबल, तकिया और चादर मिलने में कुछ समय लग सकता है। अब रेलवे ने चादर, कंबल और पर्दों पर लगाई गई पाबंदी को हटा दी है। ये चीजें उसी तरह उपलब्ध कराई जाएंगी, जिस तरह कोरोना से पहले थीं।

हो रही थी लंबे समय से सुविधा बहाल करने की मांग : कोरोना का प्रकोप कम होने के बाद लगातार लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्री रेलवे बोर्ड से कंबल तकिया और चादर की सुविधा बहाल करने की मांग कर रहे थे। यह सुविधा ना होने से यात्रियों को अपने साथ कंबल चादर और तकिया लेकर जाना पड़ता था। इससे यात्रियों के पास ज्यादा लगेज हो जा रहा था। ऐसे में सुविधा बहाल करने को लेकर रेलवे के पास लाखों ट्वीट किए गए थे।