अमरोहा में असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक स्थल व किताबों में आग लगाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश, तनाव के बाद एफआईआर दर्ज

रविवार की रात किसी समय असामाजिक तत्वों ने धार्मिक स्थल के भीतर आग लगा दी। लोगों के मुताबिक सात धार्मिक किताबों को भी जला दिया गया।घटना के बाद एलआईयू और इंटेलिजेंस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल धार्मिक स्थल पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई।…….

अमरोहा में असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक स्थल व किताबों में आग लगाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश, तनाव के बाद एफआईआर दर्ज
धार्मिक स्थल पर आग लगाने के बाद इलाके में फैला तनाव

अमरोहा में असामाजिक तत्वों ने धार्मिक स्थल में आग लगाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। सात धार्मिक किताब को भी आग के हवाले कर दिया गया। घटना से एक वर्ग के लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गई और हालात संभाले। एएसपी और सीओ सिटी ने मुआयना किया।

आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत किया गया। फॉरेंसिक टीम ने धार्मिक स्थल पर सबूत जुटाए। माहौल खराब होने के डर से पुलिस के होश उड़े हुए हैं। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है।

यह घटना अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के काकर सराय गांव की है। गांव से पूरब दिशा में कब्रिस्तान हैं। उसी के बगल में एक वर्ग का सैकड़ों साल पुराना धार्मिक स्थल है। रविवार की रात किसी समय असामाजिक तत्वों ने धार्मिक स्थल के भीतर आग लगा दी। लोगों के मुताबिक सात धार्मिक किताबों को भी जला दिया गया।

सुबह सफाई करने पहुंचे तो चला घटना का पता : सोमवार की सुबह करीब छह बजे गांव के रहने वाले नाजिम धार्मिक स्थल की साफ सफाई करने पहुंचे। इस दौरान धार्मिक स्थल के भीतर सभी सामान जला हुआ पड़ा था। धार्मिक किताबें भी जली हुई मिलीं। घटना के बाद काकर सराय समेत आसपास के गांव के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों में रोष व्याप्त हो गया।

धार्मिक स्थल में अग्निकांड की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। आनन-फानन में अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रप्रकाश शुक्ला, सीओ सिटी विजय कुमार राणा और अमरोहा देहात थाना अध्यक्ष बृजेश सिंह फोर्स से साथ मौके पर पहुंच गए।

सुरक्षा के लिहाज से अमरोहा नगर नौगांवा सादात और डिडौली थाना पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया। एएसपी और सीओ ने आक्रोशित लोगों को समझा कर शांत किया। फोरेंसिक  टीम ने मौके पर सबूत जुटाए।

घटना के बाद एलआईयू और इंटेलिजेंस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल धार्मिक स्थल पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई। माहौल बिगड़ने के डर से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।