घरेलू विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी का गला काटा : सामने ही रोते रहे जुड़वा बच्चे, हैरान कर देगी ये वारदात

पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद था, जिसके चलते उसने पत्नी की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि छह माह पहले आरोपी के पिता की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। चार माह पहले आरोपी का एक्सीडेंट हुआ था, जिससे वह मंदबुद्धि हो गया था।

घरेलू विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी का गला काटा :  सामने ही रोते रहे जुड़वा बच्चे, हैरान कर देगी ये वारदात
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी

महोबा जिले में थाना श्रीनगर के ज्योरइया गांव में घरेलू विवाद में पति ने सोते समय पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर अपर एसपी, सीओ और थानाध्यक्ष ने घटनास्थल की जांच की है।

साथ ही, परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ भी की जा रही है। मां की मौत के बाद दो जुड़वा बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। जानकारी के अनुसार, ज्योरइया गांव निवासी कमलेश कुमार कुशवाहा मेहनत-मजदूरी का काम करता है। उसकी शादी आठ साल पहले थाना कबरई निवासी अनीता (27) के साथ हुई थी। इसके दो जुड़वा बच्चे रोहित और अंकित हैं। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। अनीता के मायके में सोमवार को शादी समारोह था, जिसमें शामिल होने के लिए पति, पत्नी और बच्चे गए थे। मंगलवार को सभी लोग वापस घर लौट आए थे। शाम को पति-पत्नी के बीच एक बार फिर कहासुनी हुई।

कुल्हाड़ी से किए थे कई प्रहार : इसके बाद सभी लोग छत पर सो गए। बुधवार की सुबह करीब छह बजे पति कमलेश ने सोते समय पत्नी अनीता के गले में कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। एक के बाद एक कई प्रहार किए जाने से अनीता की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर अपर एसपी सत्यम, सीओ चरखारी उमेशचंद्र और थानाध्यक्ष गणेश कुमार गुप्ता पहुंचे।

हादसे के बाद हो गया था मंदबुद्धि : थानाध्यक्ष का कहना है कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद था, जिसके चलते उसने पत्नी की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि छह माह पहले आरोपी के पिता की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। चार माह पहले आरोपी का एक्सीडेंट हुआ था, जिससे वह मंदबुद्धि हो गया था।