फतेहपुर में भीषण सड़क हादसा : टैंकर की टक्कर से ऑटो के परखच्चे उड़े, हादसे में 10 की मौत
फतेहपुर के चौडगरा-घाटमपुर मुगलमार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ। टैंकर की टक्कर से ऑटो के परखच्चे उड़ गए। दर्दनाक हादसे में 10 की मौत हो गई। एक घायल है। मृतकों में तीन बच्चों समेत दो परिवारों के लोग शामिल हैं। घटना की सूचना पर आसपास के कल्यानपुर, बकेवर, बिंदकी, औंग थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा। मृतकों के करीब 15 मिनट के अंदर एंबुलेंस में शव लादकर मौके से हटवा दिए।
फतेहपुर के जहानाबाद इलाके में चौडगरा-घाटमपुर मुगलमार्ग पर चिल्ली मोड़ पर मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे दूध के टैंकर और ऑटो की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची ने कानपुर के हैलट अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में एक परिवार भी शामिल है, जोकि सगाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कानपुर देहात से आ रहा था।
इटावा जिले की फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के बंगाली कॉलोनी निवासी अनिल (38) की कानपुर देहात थाना क्षेत्र के मूसानगर में ससुराल है। वह परिवार के साथ करीब 15 दिन से ससुराल में थे। अनिल के बड़े भाई सुरेश के पुत्र शिवा की जहानाबाद थाने के लालूगंज निवासी मुन्ना लाला की बेटी के साथ मंगलवार को सगाई होनी थी।
सगाई में शामिल होने के लिए अनिल (38), पत्नी यशोदा (35), बेटी पल्लवी (7), सौम्या (5), बेटा लव (छह माह), दिल्ली निवासी नाना अशर्फीलाल (60), ससुर बहादुर (52) ऑटो से लालूगंज जा रहे थे। इनके अलावा ऑटो में कानपुर देहात के गजनेर निवासी फरहान व उनकी पत्नी शहनाज व पुत्री इनायत (2) भी सवार थे। ऑटो घाटमपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के कोटद्वार निवासी चालक अर्जुन सैनी (26) चला रहा था।
ऑटो जब चिल्ली मोड़ पर पहुंचा तभी चौडगरा से घाटमपुर मार्ग की ओर जा रहे तेज रफ्तार टैंकर ने सामने से टक्कर मार दी, जिससे ऑटो के परखच्चे के उड़ गए। हादसे में सौम्या और बहादुर को छोड़कर सभी की मौके पर ही मौत हो गई। टैंकर छोड़कर चालक भाग निकला। दोनों घायलों को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान सौम्या ने भी दम तोड़ दिया।
|
इनकी गई जान : अनिल, यशोदा, पल्लवी, सौम्या, लव, अशर्फीलाल, फरहान, शहनाज व इनायत, ऑटो चालक अर्जुन सैनी। |
उसे देखकर वह लोग भी रोड से नीचे उतर गए थे। वह पूरी रोड में एक साइड से दूसरी ओर पहुंच जा रहा था। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि किसी न किसी के लिए टैंकर का चालक काल साबित होगा। चालक हादसा स्थल से आगे फतेहपुर कानपुर सीमा के पहले महाविद्यालय के पास टैंकर छोड़कर चालक भाग निकला।
घटना की सूचना पर चार थानों का पहुंचा फोर्स, हटवाए शव : घटना की सूचना पर आसपास के कल्यानपुर, बकेवर, बिंदकी, औंग थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा। मृतकों के करीब 15 मिनट के अंदर एंबुलेंस में शव लादकर मौके से हटवा दिए। पांच शवों को सीएचसी में रखवाया गया, बाकी चार शव फतेहपुर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिए। मौके पर जाम की स्थिति नहीं बन सकी। लोगों की भीड़ से जरूर कुछ देर लिए यातायात प्रभावित हुआ।
एएसपी विजय शंकर मिश्र ने बताया कि पहचान वाले शवों का रात में ही पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सीएमओ से बातचीत हुई है। उन्होंने डाॅक्टर और कर्मचारियों को उपलब्ध कराया है। पोस्टमार्टम हाउस में जहानाबाद थाने और शहर कोतवाली का फोर्स लिखापढ़ी की कार्रवाई के लिए लगाया गया है। जिन शवों की पहचान नहीं हो सकी है, उनके परिजनों के आने का इंतजार है।


