आय से अधिक संपत्ति के मामले में फंसे लखनऊ के जेलर

जांच के बाद विजिलेंस ने दर्ज कराया मुकदमा जौनपुर जेल से लखनऊ की आदर्श कारागार से संबद्ध जेलर

आय से अधिक संपत्ति के मामले में फंसे लखनऊ के जेलर
आदर्श कारागार लखनऊ

लखनऊ। जौनपुर जिला जेल से लखनऊ के आदर्श कारागार से संबद्ध जेलर के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत विजिलेंस ने मुकदमा दर्ज कराया है। जेलर पूर्व में राजधानी की जिला जेल में भी तैनात रह चुके हैं। वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश शासन सतर्कता अनुभाग 3 की ओर से आय से अधिक संपत्ति के मामले में जेलर के खिलाफ गोपनीय जांच का आदेश विजिलेंस विभाग को दिए गए थे। जांच में जेलर की ओर से लगभग 7 लाख रुपए आय से अधिक खर्च करना पाया गया। विजिलेंस की पूछताछ में जेलर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद केस दर्ज कराया गया।

विजिलेंस थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह के अनुसार उत्तर प्रदेश शासन सतर्कता अनुभाग 3 ने अप्रैल 2023 में जांच के आदेश दिए थे। अजय कुमार राय वर्तमान समय में जौनपुर जिला जेल में तैनात होते हुए राजधानी के आदर्श कारागार में संबद्ध हैं। इनके खिलाफ अगस्त 2024 तक जांच चली। जांच में पाया गया कि अजय कुमार राय ने जेलर के पद पर रहते हुए जांच अवधि में अपनी आय के समस्त ज्ञात व वैध स्रोतों से कुल 12 लाख 51 हजार 119 रुपये अर्जित किए। इसी अवधि में उनके परिवार के भरण पोषण एवं पर संपत्तियों पर कुल रुपया 19 लाख 42 हजार 343 व्यय किया जाना पाया गया।

इस प्रकार जांच के लिए निर्धारित की गई चेक अवधि में अजय कुमार द्वारा ज्ञात व वैध स्रोतों से अर्जित की गई अपनी आय के सापेक्ष रुपया 6 लाख 91 हजार 224 अधिक व्यय किया गया जो कि उनकी ज्ञात हुआ वैध स्रोतों से अधिक है। इन रुपयों के बारे में अजय कुमार राय कोई स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया। जांच से अजय कुमार आय से अधिक संपत्ति के मामले में दोषी पाए गए।विजिलेंस प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि जेलर अजय कुमार राय के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।