मथुरा में पत्नी ने पति को जिंदा जलाया : प्रेमी से मिलने से रोका तो पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी, महिला हिरासत में, प्रेमी की तलाश

"बेटे की गवाही के आधार पर महिला को हिरासत में लिया गया है। बयान दर्ज किया गया है। प्रेमी की तलाश की जा रही है। गांव वालों के भी बयान लिए गए हैं। एसपी के आने पर मामले में आगे की जांच की जाएगी। रमन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।"

मथुरा में पत्नी ने पति को जिंदा जलाया : प्रेमी से मिलने से रोका तो पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी, महिला हिरासत में, प्रेमी की तलाश
मथुरा में पत्नी ने पति को जिंदा जलाया

मथुरा में एक महिला ने अपने बच्चों के सामने पति को जिंदा जलाकर उसकी हत्या कर दी। पति कमरे में सो रहा था, तभी महिला ने उसके ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। बताया जा रहा है कि महिला का दिल्ली में रहने वाले एक युवक से अफेयर चल रहा है। महिला प्रेमी से मिलना चाहती थी। जब पति ने इसका विरोध किया तो महिला ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

घटना सोमवार सुबह की है। महिला का पति 80% झुलस गया था। मंगलवार सुबह दिल्ली के अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को भी गांव के पास से हिरासत में लिया है। प्रेमी की तलाश जारी है। घटना कोसी कला कस्बा के मीनानगर गांव की है।

आग से घर का सामान भी जल गया।

“मम्मी का फोन बिजी रहता था” : पति रमन (35) दिल्ली डेवेलपमेंट अथॉरिटी में नौकरी करता था। वो अपनी पत्नी रेखा (32) और 3 बच्चों के साथ दिल्ली में ही रहता था। पत्नी के अफेयर के बाद वो वापस आ गया था। रमन के बड़े बेटे मयंक ने बताया, "हम लोग 2 साल से दिल्ली में रह रहे थे। मम्मी की वहां के रहने वाले एक अंकल से दोस्ती हो गई। पापा इस बात पर गुस्सा करते थे। मम्मी का फोन भी बिजी रहता था। एक बार घर में फोन को लेकर भी झगड़ा हुआ था। इसके बाद पापा ने हम लोगों को वापस गांव भेज दिया।"

“आंख खुली तो पापा जल रहे थे” : मयंक ने बताया, ''कुछ दिन बाद पापा भी वापस आ गए। वो गांव से रोज दिल्ली जाते थे। यहां पर भी मम्मी किसी से फोन पर बात करती थी। वो दिल्ली जाने के लिए बोलती थी। रविवार देर रात घर में पापा मम्मी में मारपीट हुई थी। पापा हम लोगों को लेकर एक कमरे में सो गए थे। सुबह 7 बजे के करीब हम लोगों की आंख खुली तो सामने पापा जल रहे थे। हम लोगों ने पापा को बचाना चाहा तो मम्मी ने हमें भी धमकाया। धुंआ बढ़ने पर दूसरे कमरे में ले गई।''

पूरे गांव में फैल गया था धुंआ : मयंक ने बताया, ''पापा भी कमरे के अंदर से दौड़ते हुए बाहर निकले। उसके बाद वो नीचे गिर गए। वो बचाओ-बचाओ चिल्ला रहे थे। इतनी देर में गांव के लोग भी घर के अंदर आ गए। पूरे गांव में धुंआ फैल गया था। पापा को सब लोग अस्पताल ले गए। वहां से उनको दिल्ली भेज दिया गया था।''

महिला हिरासत में, प्रेमी की तलाश : मामले में कोतवाल अनुज राणा ने बताया, "बेटे की गवाही के आधार पर महिला को हिरासत में लिया गया है। बयान दर्ज किया गया है। प्रेमी की तलाश की जा रही है। गांव वालों के भी बयान लिए गए हैं। एसपी के आने पर मामले में आगे की जांच की जाएगी। रमन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।"