प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेता की हुई मौत

घटना से प्रदेश कांग्रेसियों में खासा आक्रोश

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेता की हुई मौत
युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पाण्डेय

लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से विधानसभा घेराव करने जा रहे कांग्रेसजनों एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के बीच भीषण संघर्ष हुआ। विधानसभा की ओर कूच करते हुए कांग्रेसजनों की पुलिस प्रशासन से धक्का-मुक्की के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सहजनवा गोरखपुर निवासी प्रभात पाण्डेय की मौत हो गई। इस घटना से प्रदेशभर के कांग्रेसजन आहत है और योगी सरकार के प्रति भारी आक्रोश है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मंत्री श्री अजय राय ने कहा कि हम गांधी जी की विचारधार को मानने वाले लोग हैं। हम शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने की मंशा से विधानसभा की ओर जा रहे थे। मगर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कांग्रेसजनों की आवाज को दबाने की मंशा से एक दिन पूर्व ही प्रदेश भर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया जा रहा था तथा लखनऊ ना आने का दबाव बनाया जा रहा था। श्री राय ने कहा कि हम प्रदेश सरकार से मांग करते हैं कि मुख्यमंत्री मृतक प्रभात पाण्डेय के परिवार को 1 करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करे।