महाराष्ट्रः अकोला के बाद अहमदनगर में भड़की हिंसा, शोभा यात्रा पर पथराव, 8 पुलिसकर्मी घायल

शेवगांव कस्बे में छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान पथराव की यह घटना हुई, जिसके बाद भीड़ ने दुकानों और वाहनों को आग लगा दी।

महाराष्ट्रः अकोला के बाद अहमदनगर में भड़की हिंसा, शोभा यात्रा पर पथराव, 8 पुलिसकर्मी घायल
अहमदनगर में शोभा यात्रा के दौरान हुआ पथराव

महाराष्ट्र : अकोला के बाद अहमदनगर में हिंसा की घटना सामने आई है। बता दें, अहमदनगर में रविवार रात दो गुटों में जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें 8 पुलिस वाले भी घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार शेवगांव कस्बे में छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान पथराव की यह घटना हुई, जिसके बाद भीड़ ने दुकानों और वाहनों को आग लगा दी। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को लाठियों का सहारा लेना पड़ा।

शोभा यात्रा पर हुआ पथराव : बताया जा रहा है कि रविवार शाम साढ़े पांच बजे के करीब शहर में जुलूस निकाला गया जिसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए थे, जब ये जुलूस करीब 8 बजे महाराज चौक पहुंचा, तभी अचानक एक गुट ने जुलूस की दिशा में पथराव कर दिया, जबकि दूसरे गुट का कहना है कि धार्मिक स्थल पर पहले भी पथराव किया गया था। इसके बाद वहां भगदड़ मच गई। बाद में पुलिस ने मोर्चा संभाला, जिसके बाद हालात को काबू में किया जा सका।

शनिवार को अकोला में हुई थी हिंसा : इससे पहले शनिवार को भी अकोला में मामूली विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई थी। सोशल मीडिया में किए गए विवादित पोस्ट को लेकर दो समूहों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर पथराव करते हुए वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। हिंसा की सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया था।