मैनपुरी जेल में भी महिला बंदी ने लगाई फांसी

प्रदेश की जेलों में थम नहीं रहा बंदियों की मौत का सिलसिला जेल प्रशासन की अवैध वसूली व उत्पीड़न से त्रस्त थी महिला बंदी

मैनपुरी जेल में भी महिला बंदी ने लगाई फांसी
मैनपुरी जेल

लखनऊ। प्रदेश की जेलों में बंदियों को मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार को मैनपुरी जेल में उत्पीड़न और अवैध वसूली से त्रस्त महिला बंदी में फांसी लगाकर जान दे दी। महिला बंदी ने शौचालय में साड़ी का फंदा लगाकर खुदकुशी करने की सूचना मिलने पर जेल प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। महिला को जिला अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला को पति की हत्या के मामले में जुलाई माह में जेल भेजा गया था।

मिली जानकारी के मुताबिक मैनपुरी के थाना बिछवां क्षेत्र के गांव देवगंज निवासी लाली राजपूत (28) पति धर्मेंद्र की हत्या के मामले में जेल में बंद थी। 24 जुलाई को बिछवां पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। रविवार की शाम लाली महिला बैरक के बाहर अन्य महिला बंदियों के साथ मौजूद थी। इस दौरान वह शौचालय में चली गई। वहां साड़ी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई तो साथी महिला बंदियों ने शौचालय का दरवाजा खटखटाया। इस पर कोई जबाव नहीं मिला। इसके बाद धक्का देकर दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए। लाली का शव फंदे पर लटका हुआ था। 

सूत्रों का कहना है कि महिला जेल प्रशासन के अधिकारियों की अवैध वसूली और उत्पीड़न से काफी त्रस्त थी। इससे आजिज आकर उसने जान दे दी। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों इस जेल में अधीक्षक का बंदीरक्षक के बंदियों से अवैध वसूली किए जाने का एक वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में अधीक्षक ने बंदीरक्षकों पर थप्पड़ मारकर वसूली किए जाने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही उन्होंने अपशब्दों का भी प्रयोग किया था। महिला बंदी की मौत के संबंध में जब जेल अधीक्षक से बात की गई तो उनका फोन जेलर ने उठाकर महिला बंदी के फांसी लगाए जाने की पुष्टि तो की लेकिन और कुछ भी बताने से साफ मना कर दिया।