आगरा में बेटे सहित खुद को लगाई आग : पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला, दोनों की हालत गम्भीर
महिला ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया था। पड़ोसियों ने कम्बल और अन्य कपड़े डालकर दोनों की आग बुझाई और तत्काल एम्बुलेंस से दोनों को आगरा एसएन इमरजेंसी भेजा गया
आगरा में थाना डौकी क्षेत्र के गांव जयनगर में एक महिला ने खुद के और अपने बेटे के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। चीख-पुकार मचने पर पड़ासियों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। दोनों को एंबुलेंस से उपचार के लिए आगरा भेजा गया। मौके पर पुलिस पहुंचकर घटना की जानकारी जुटा रही है। महिला ने ग्रह क्लेश के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया।
बता दें कि थाना डौकी क्षेत्र के जयनगर में रहने वाली 30 वर्षीय रजनी देवी पत्नी शिवदत्त का परिवार में आज झगड़ा हो गया था। कुछ देर बार उसने अंदर से कमरा बंद कर लिया और अपने ऊपर तथा 7 वर्ष के बेटे हिमांशु के ऊपर पेट्रोल छिड़कर आग लगा ली। आग में जलते हुए दोनों चीखने लगे तो आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़े चले आए। आनन-फानन में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया।
महिला ने अंदर बंद कर लिया था कमरे का दरवाजा : महिला ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया था। पड़ोसियों ने कम्बल और अन्य कपड़े डालकर दोनों की आग बुझाई और तत्काल एम्बुलेंस से दोनों को आगरा एसएन इमरजेंसी भेजा गया। थाना डौकी के अध्यक्ष बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचे और प्रत्यक्षदर्शियों एवं परिवार के लोगों के बयान दर्ज किए।


