नेशनल पी. जी. कॉलेज में वन्य जीव संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम
नेशनल पी. जी. कॉलेज, लखनऊ के जंतु विज्ञान विभाग ने "राष्ट्रीय वन्य जीव सप्ताह" के चौथे दिवस पर वन्य जीव संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. देवेन्द्र कुमार सिंह और विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार ने वन्य जीवों के संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। छात्र-छात्राओं ने वन्य जीव संरक्षण पर अपने विचार साझा किए और एक डाक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
लखनऊ। आज नेशनल पी. जी. कॉलेज, लखनऊ के जंतु विज्ञान विभाग द्वारा "राष्ट्रीय वन्य जीव सप्ताह" (अक्टूबर 2-8, 2024) का चौथा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. देवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि 'वन्य जीव सप्ताह' का उद्देश्य वन्य जीवों और उनके आवासों के संरक्षण के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाना है। वन्य जीव हमारे प्राकृतिक संसाधनों का महत्वपूर्ण स्रोत हैं, इसलिए उनका संरक्षण आवश्यक है। जंतु विज्ञान विभाग अध्यक्ष डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार ने बताया कि वन्य जीव सप्ताह हर साल अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में मनाया जाता है। इस वर्ष वन्य जीव सप्ताह 2024 की थीम "हमारी प्राकृतिक विरासत की रक्षा करना" है। सभी जीव-जंतुओं एवं वनस्पतियों की पर्यावरण एवं परिस्थिक तंत्र में समान एवं महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वन्य जीवों के संरक्षण के लिए विश्व भर में विभिन्न उद्यान एवं अभ्यारण्य भी स्थापित किये गए हैं। डॉ. अर्चना सिंह ने छात्र- छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वन्य जीव जंगली जीवों की वह श्रेणी है जो मानव बसेरों से बाहर वनों-पर्वतों में रहते हों। सरकार द्वारा बहुत सी संस्थाओं के माध्यम से वन्य जीवों के संरक्षण के लिए सकारात्मक प्रयास किये जा रहे हैं। इस अवसर पर विभिन्न छात्र-छात्राओं ने परस्पर संवाद के माध्यम से वन्य जीव संरक्षण पर अपने मत प्रस्तुत किए। वन्य जीवों के लगातार कम होने के कारणों, बचाव एवं संरक्षण से सम्बंधित विषय पर एक 'डाक्यूमेंट्री फिल्म' भी दिखाई गयी। इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 60 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।


