अयोध्या में मतगणना की तैयारियां : 95 टेबल पर मतगणना के लिए लगाए जा रहे हैं जाल, सीसीटीवी की निगरानी में होगी मतगणना
अयोध्या की पांचों विधानसभाओं में हुए मतदान के बाद मतों की गिनती के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर में मतगणना की तैयारियां जोरों-शोरों पर चल रही है।....
अयोध्या की पांचों विधानसभाओं में हुए मतदान के बाद मतों की गिनती के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर में मतगणना की तैयारियां जोरों-शोरों पर चल रही है। प्रत्येक विधानसभा में 19 से 20 टेबल मतगणना के लिए लगाई जा रही हैं। कुल 95 टेबल लगाए जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर जाल लगाने का भी काम चल रहा है।
15 से 20 टेबल लगेंगे प्रत्येक विधानसभा में : उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह ने दैनिक भास्कर से तैयारियों के बारे में बताते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में पड़े मतों की गिनती की तैयारियां चल रही हैं। प्रत्येक विधानसभा में 19-20 टेबल लगाए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा में 15 केबल ईवीएम के लिए लगेंगे इसके अलावा 4 से 5 टेबल बैलेट पेपर की गिनती के लिए लगाए जाएंगे। प्रत्येक टेबल पर जाली लगाने का काम शुरू हो गया है। ताकि बैरिकेडिंग टाइट रहे और किसी भी प्रकार से अंदर मतगणना अधिकारी को कोई परेशान न कर सके।

सीसीटीवी की निगरानी में होगी मतगणना : निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि परिसर में करीब 57 कैमरे पहले से लगाए गए हैं, इसके अलावा 15 से 20 सीसीटीवी कैमरे अतिरिक्त लगाए जाएंगे। इसके साथ ही प्रत्येक टेबल पर दो वीडियोग्राफर की तैनाती की जाएगी, जो पूरी मतगणना और टेबल पर होने वाली गतिविधि को रिकॉर्ड करेंगे। इनर कॉरिडोर और बाहर बैठे एजेंट भी हमारी सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में रहेंगे।
एजेंट और मतगणना कर्मचारियों के आने जाने की व्यवस्था अलग से : उप-निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना के दिन एजेंट और मतगणना कर्मचारियों के आने-जाने की अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी। चुनाव के दौरान पूर्ण निष्पक्षता बढ़ती जाएगी। शांतिपूर्ण मतगणना के लिए अधिकारियों की तैनाती के साथ ही अतिरिक्त सुरक्षाबलों की भी तैनाती मतगणना स्थल पर होगी।
एजेंटों को बैठने के लिए वाटर प्रूफ टेंट की व्यवस्था : निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मौसम में बदलाव को देखते हुए मतगणना स्थल पर एजेंटों के बैठने के स्थान पर वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था की जाएगी। ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या ना हो। सभी एजेंट मतगणना स्थल पर लगे टेंट के अंदर बैठेंगे उनको पहले से ही इसकी ट्रेनिंग दे दी गई है।


