पीडब्लूडी के रिटायर्ड अफसर को लगा 25 लाख का चूना : आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

रजिस्ट्री पर हस्ताक्षर करने के बाद जब वह रिटायर्ड ऑफिसर बाहर आया तो विनोद और भूपेन्द्र बाहर आ गए और उनसे दिया हुआ चेक छीन लिया और जल्द ही पैमेंट करने को कहा। इसके बाद जब भी वह पैसों की मांग करते थे, तो वह आजकल की कहकर टरकाते रहे। अब न पैसा मिल रहा है और न ही जमीन

पीडब्लूडी के रिटायर्ड अफसर को लगा 25 लाख का चूना : आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
पुलिस ने किया धोखाधड़ी मामला दर्ज

ग्वालियर में PWD से रिटायर्ड अफसर को कुछ लोगों ने 25 लाख रुपए का चूना लगा दिया है। जमीन की रजिस्ट्री करते समय खरीदार ने रिटायर्ड ऑफिसर को 25 लाख रुपए का चेक थमा दिया। जब रजिस्ट्री हो गई और पंजीयन कार्यालय से बाहर आया तो जमीन खरीदने वाले ने दिया हुआ चेक वापस ले लिया और नगदी देने का आश्वासन दिया।

घटना गोला का मंदिर क्षेत्र की है। इसके बाद न तो रिटायर्ड ऑफिसर को 25 लाख रुपए कैश मिला है न ही उसकी जमीन वापस मिल रही है। जब खरीदार से रुपए मांगते हैं तो वह देने से साफ इनकार कर देता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

शिन्दे की छावनी निवासी हरिशंकर शिवहरे पुत्र भोगचंद्र शिवहरे PWD से रिटायर्ड अधीक्षक यंत्री है। वह सिटी सेंटर स्थित रामानुज नगर में रहते थे। जहां पर उनकी मुलाकात जोगेन्द्र सिंह गुर्जर से हुई थी। उनका एक भूखण्ड सिरोल इलाके में है, जिसे वह काफी समय से बेचने का प्रयास कर रहे थे। इसका पता जब जोगेन्द्र को चला तो उसने उन्हें प्लॉट की अच्छी कीमत दिलाने का वादा किया। इसके बाद जोगेन्द्र ने उसे विनोद गुर्जर से मिलवाया और जमीन की बात की। सौदा 26 लाख 60 हजार में तय होने के बाद सितम्बर 2020 में उसे रजिस्ट्री कराने के लिए ले गए। यहां पर विनोद के साथ ही उसका भाई भूपेन्द्र गुर्जर भी आया था। रजिस्ट्री से पहले विनोद व भूपेन्द्र ने उसे नगद 1 लाख 60 हजार रुपए दिए और शेष 25 लाख का एक चेक दिया। रुपए और चेक मिलने के बाद हरिशंकर शिवहरे ने रजिस्ट्री पर साइन कर दिए।

बाहर आते ही लिया चेक : रजिस्ट्री पर हस्ताक्षर करने के बाद जब वह रिटायर्ड ऑफिसर बाहर आया तो विनोद और भूपेन्द्र बाहर आ गए और उनसे दिया हुआ चेक छीन लिया और जल्द ही पैमेंट करने को कहा। इसके बाद जब भी वह पैसों की मांग करते थे, तो वह आजकल की कहकर टरकाते रहे। जब हरिशंकर ने ज्यादा दबाव बनाया तो आरोपियों ने साफ कह दिया कि उनकी रजिस्ट्री तो हो ही गई है अब किस बात के पैसे, जा थाने चला जा हम नहीं दे रहे रुपए।

बातचीत की कहकर बुलाया, दी धमकी : जब उसने ज्यादा दबाव बनाया तो आरोपियों ने उसे बातचीत करने के लिए बुलाया और यहां पर पहुंचते ही उन्होंने गाली गलौज की और धमकी दी कि अगर अब पैसे वापस मांगे तो उसे और उसके बेटों को जान से खत्म कर देंगे। धमकी का शिकार पीड़ित थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर विनोद, भूपेन्द्र और जोगेन्द्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना : इस मामले में गोला का मंदिर थाना प्रभारी विनय शर्मा का कहना है कि फरियादी की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।