परी श्रीवास्तव हत्याकांड में दोषियों को मिले कठोर दंड : पंकज भईया
ह्यूमैन राइट्स काउंसिल ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय बैठक सम्पन्न, न्याय की दिशा में ठोस कदम उठाने पर सहमति
लखनऊ/बस्ती। ह्यूमैन राइट्स काउंसिल ऑफ इंडिया की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय बैठक आज दिल्ली स्थित अंतरिक्ष भवन में सम्पन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता संगठन के नेशनल प्रेसिडेंट श्री रविन्द्र रंजन ने की। बैठक में संगठन की विगत गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में काउंसिल के नेशनल वाइस प्रेसिडेंट श्री पंकज भईया द्वारा उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में दिनांक 15 जून 2025 को घटित नाबालिग बालिका परी श्रीवास्तव की निर्मम हत्या का विषय प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने घटना को मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए दोषियों को कठोर दंड दिलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उपस्थित समस्त पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि श्री पंकज भईया उक्त प्रकरण में काउंसिल की ओर से प्रभावी हस्तक्षेप करें एवं आवश्यक विधिक व सामाजिक कदम उठाएं। काउंसिल द्वारा यह भी निर्णय लिया गया कि इस संबंध में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय गृहमंत्री से संपर्क स्थापित कर उन्हें समुचित ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा।
बैठक में यह स्पष्ट रूप से कहा गया कि ह्यूमैन राइट्स काउंसिल ऑफ इंडिया किसी भी स्थिति में बालिकाओं एवं महिलाओं के विरुद्ध हो रहे इस प्रकार के जघन्य अपराधों को सहन नहीं करेगी तथा संवैधानिक सीमाओं के भीतर रहते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने हेतु हर संभव प्रयास करेगी।
संगठन ने यह भी संकेत दिया कि यदि आवश्यक हुआ, तो काउंसिल व्यापक जनआंदोलन का रास्ता भी अपना सकती है।


