अपराधियों को अनुमन्य सुविधाएं ही उपलब्ध कराए अधिकारी: डीजी जेल
नवनियुक्त डीजी जेल ने प्रदेश के जेल अधीक्षकों के साथ की बैठक परिचय प्राप्त करने के बाद अधिकारियों को दिए निर्देश
लखनऊ। प्रदेश के नवनियुक्त महानिदेशक कारागार प्रेम चंद मीणा ने बुधवार को कारागार मुख्यालय के सभागार में प्रदेश भर के जेल अधीक्षकों के साथ परिचय बैठक की। करीब तीन घंटे चली इस बैठक में उन्होंने विभिन्न जेलों में तैनात अधीक्षक एवं परिक्षेत्र के डीआईजी से परिचय लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जेल में बंद अपराधियों को सिर्फ वह सुविधाएं ही उपलब्ध कराई जाए जो नियमों में अनुमन्य हो। अनुमन्य सुविधाओं के अलावा कोई अतिरिक्त सुविधाएं नहीं दी जाए।
शासन ने महानिरीक्षक कारागार पीवी रामाशास्त्री के सेवानिवृत होने के बाद पुलिस महानिदेशक प्रेमचंद मीणा का महानिदेशक कारागार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। नवनियुक्त महानिदेशक कारागार ने बीते तीन जून को कारागार मुख्यालय पहुंचकर प्रभार संभाला। प्रभार संभालने के बाद करीब एक पखवारे बाद उन्होंने प्रदेश भर के जेल अधीक्षकों की बैठक आहूत की।
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को दोपहर 12 बजे कारागार मुख्यालय के सभागार में नवनियुक्त महानिदेशक कारागार पीसी मीणा ने विभाग के जेल परिक्षेत्रों के डीआईजी, वरिष्ठ अधीक्षक, अधीक्षक की बैठक ली। बताया गया है कि बैठक में उन्होंने एक एक कर जेल अधीक्षकों का परिचय प्राप्त किया। परिचय प्राप्त करने के उपरांत उन्होंने जेल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह जेल में बंद अपराधियों को सिर्फ वह सुविधाएं मुहैया कराए जो नियमों में अनुमन्य है। इसके अलावा उन्हें कोई भी अतिरिक्त सुविधाएं मुहैया नहीं कराई जाए। इस बैठक में प्रदेश की जेलों के वरिष्ठ अधीक्षक, अधीक्षक के साथ मुख्यालय के भी वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।


