आगरा सेंट्रल जेल में बंद पाक अधिकृत कश्मीर के बंदी की मौत
75 वर्षीय बंदी सैय्यद यूसुफ शाह की हार्ट अटैक से हुई मौत
लखनऊ/आगरा। आगरा के केंद्रीय कारागार में निरुद्ध पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) के 75 वर्षीय बंदी सैय्यद यूसुफ शाह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बंदी सैय्यद यूसुफ शाह आगरा के केंद्रीय कारागार में करीब 34 माह से बंद था। सीने में दर्द की शिकायत पर उसको पहले केंद्रीय कारागार के अस्पताल ले जाया गया। बंदी की गंभीर हालत को देखते हुए एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने बंदी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद केंद्रीय कारागार प्रशासन ने पीओके के बंदी की मौत होने की जानकारी जेल मुख्यालय और जम्मू-कश्मीर प्रशासन को दी।
आगरा केंद्रीय कारागार के अधीक्षक ओपी कटियार ने बताया कि 25 जुलाई 2022 को पीओके के 75 वर्षीय बंदी सैय्यद यूसुफ शाह आगरा के केंद्रीय कारागार में लाया गया था। उसे एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत पकड़ा गया था। तभी से बंदी सैय्यद यूसुफ शाह यहां पर बंद था। बंदी सैय्यद यूसुफ शाह को विशेष बैरक में रखा गया था।
| आगरा केंद्रीय कारागार के अधीक्षक ओपी कटियार ने कहा कि सन 2021 में जम्मू कश्मीर में पब्लिक सेफ्टी एक्ट के अंतर्गत तमाम लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। इसमें जम्मू कश्मीर के साथ ही पाक अधिकृत कश्मीर पीओके से जुड़े लोगों के साथ ही कुख्यात आतंकी भी शामिल थे। केंद्र सरकार के आदेश पर इन बंदियों को देश की अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित किया गया था। इनमें जम्मू कश्मीर से फ्लाइट से 100 बंदी आगरा केंद्रीय कारागार में लाए गए। उन्हें कड़ी सुरक्षा निगरानी में केंद्रीय कारागार में रखा गया था. इसके बाद जम्मू कश्मीर के बंदियों को यूपी की अलग-अलग जेलों से आगरा के केंद्रीय कारागार में शिफ्ट किया गया था। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आगरा केंद्रीय कारागार में 55 कश्मीरी और पीओके के आतंकी कैद हैं। |
उसे ब्लड प्रेशर की समस्या थी। चिकित्सक के परामर्श पर उसे दवाई दी जा रही थी। मंगलवार शाम बंदी सैय्यद यूसुफ शाह ने सीने में दर्द की शिकायत की.उसे तत्काल केंद्रीय कारागार के अस्पताल ले जाया गया. वहां हालत गंभीर होने पर बंदी सैय्यद यूसुफ शाह को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर जाया गया. वहां पर चिकित्सकों ने बंदी सैय्यद यूसुफ शाह को मृत घोषित कर दिया.
आगरा केंद्रीय कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक ओपी कटियार ने बताया कि बंदी सैय्यद यूसुफ शाह की मौत की जानकारी जेल मुख्यालय, केंद्र सरकार और जम्मू कश्मीर सरकार को दी गई है. सरकार से जो निर्देश मिलेंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।


