फार्मेसिस्टों को पंजीकरण के पूर्व एग्जिट एग्जाम करना होगा पास, एग्जाम में 3 पेपर होंगे, सभी को 50% अंक से करना होगा पास

उत्तर प्रदेश फार्मेसी काउंसिल के पूर्व चेयरमैन और फार्मेसिस्ट फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव ने इसका स्वागत करते हुए कहा कि डिप्लोमा इन फार्मेसी एग्जिट एग्जामिनेशन रेगुलेशन 2022 भारत सरकार द्वारा अधिसूचित किये जाने से फार्मेसीय प्रोफेशन में गिरते शैक्षणिक स्तर को बचाया जा सकेगा।....

फार्मेसिस्टों को पंजीकरण के पूर्व एग्जिट एग्जाम करना होगा पास, एग्जाम में 3 पेपर होंगे, सभी को  50% अंक से करना होगा पास
डिप्लोमा इन फार्मेसी

लखनऊ। डिप्लोमा इन फार्मेसी उत्तीर्ण छात्रों को अब पंजीकरण के पहले एग्जिट एग्जामिनेशन उत्तीर्ण करना आवश्यक होगा। इससे फार्मेसी के क्षेत्र में अनुशासन, सत्य निष्ठा, निर्णय कौशल, ज्ञान और सीखने की प्रवृति बढ़ेगी । इसे पास करने के बाद फार्मेसिस्ट अपने व्यवसायिक कार्यो और उत्तरदायित्व का वहन करने के अतिरिक्त अपने व्यवसाय कौशल का पूरा उपयोग कर सकेगा । 

उत्तर प्रदेश फार्मेसी काउंसिल के पूर्व चेयरमैन और फार्मेसिस्ट फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव ने इसका स्वागत करते हुए कहा कि डिप्लोमा इन फार्मेसी एग्जिट एग्जामिनेशन रेगुलेशन 2022 भारत सरकार द्वारा अधिसूचित किये जाने से फार्मेसीय प्रोफेशन में गिरते शैक्षणिक स्तर को बचाया जा सकेगा।

फार्मेसी काउंसिल आफ इंडिया के प्रस्ताव पर इस रेगुलेशन को मंजूरी दी गयी है, जिसे भारत के असाधारण गजट भाग तीन खंड 4 में प्रकाशित किया गया है । अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशन की तिथि 24 फरवरी 2022 से ही लागू हो गई है अर्थात 24 फरवरी के बाद डीफार्मा छात्रों को पंजीकरण के पूर्व एग्जिट एग्जामिनेशन देना आवश्यक हो गया है ।

एग्जिट एग्जामिनेशन के बारे में फार्मेसी काउंसिल आफ इंडिया द्वारा समय-समय पर आम जनता को सूचित किया जाएगा । प्रत्येक वर्ष दो बार परीक्षा आयोजित होगी । परीक्षा आयोजित करने की प्रक्रिया फार्मेसी काउंसिल आफ इंडिया द्वारा घोषित योजना के अनुसार ही होगी । निर्धारित प्राधिकरण द्वारा अभ्यर्थी को परीक्षा की तारीख और परीक्षा केंद्र का आवंटन परीक्षा केंद्र की उपलब्धता के आधार पर होगा । एग्जिट एग्जाम के लिए फार्मेसी कौंसिल द्वारा धारा 12 के अंतर्गत अनुमोदित संस्थान से डिप्लोमा फार्मेसी उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा। इसके लिए आवेदन फार्म भरना होगा । एग्जिट एग्जामिनेशन फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा निर्धारित प्राधिकरण द्वारा कराया जाएगा।

फार्मास्यूटिक्स, फार्माकोलॉजी, फार्माकोग्नोसी, फार्मास्यूटिकल केमिस्ट्री, बायोकेमिस्ट्री, हॉस्पिटल एंड क्लिनिकल फार्मेसी, फार्मास्यूटिकल जूरिस्प्रूडेंस और ड्रग स्टोर मैनेजमेंट में बहुविकल्पीय प्रश्नों के तीन पेपर होंगे । परीक्षा की भाषा अंग्रेजी होगी और यह पेपर 3 घंटे का का होगा । परीक्षा में प्रत्येक पेपर में अलग से न्यूनतम 50% अंक पाने वाला ही उत्तीर्ण होगा । तीनों पेपर एक ही प्रयास में उत्तीर्ण करने होंगे जबकि परीक्षा में बैठने के प्रयासों की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा । इस परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवार को नामांकन और फार्मेसी की प्रैक्टिस के लिए पात्रता का प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा और इसी के आधार पर स्टेट फार्मेसी काउंसिल में डिप्लोमा फार्मेसिस्ट का पंजीकरण किया जाएगा ।

राकेश यादव
स्वतंत्र पत्रकार
मोबाइल न -  7398265003