बिहार में ऑनर किलिंग, सुन कर रूह कांप जाएगी : ताऊ और चाचा ने हाथ-पैर पकड़े, पिता ने बेटी का गला रेत दिया; मां मिन्नतें करती रही

ऑनर किलिंग का यह मामला गोपालगंज के कोटवा गांव का है। मां कलावती देवी ने बताया कि बेटी किरण(19) मशानथाना गांव के एक युवक से प्रेम करती थी। उसी से शादी करना चाहती थी। लड़का भी तैयार था, लेकिन किरण के पिता इंद्रदेव राम उसकी शादी कहीं और करना चाहते थे।….

बिहार में ऑनर किलिंग, सुन कर रूह कांप जाएगी : ताऊ और चाचा ने हाथ-पैर पकड़े, पिता ने बेटी का गला रेत दिया; मां मिन्नतें करती रही
गोपालगंज में बेटी के प्यार के दुश्मन बने पिता

बिहार के गोपालगंज में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पसंद के लड़के से शादी की जिद पर परिवार ने बेटी को खौफनाक मौत दी। बड़े पिता और चाचा ने हाथ-पैर पकड़े और पिता ने पहसुल (सब्जी काटने में उपयोग होता है) से गला रेत दिया। मां गुहार लगाती रही, बचाने की मिन्नतें करती रही पर हत्यारों का दिल नहीं पसीजा। उन्होंने मां को भी पीटा। ऑनर किलिंग के बाद बेटी का शव घर के पास खेत में फेंक कर तीनों फरार हो गए। अब पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

ऑनर किलिंग का यह मामला गोपालगंज के कोटवा गांव का है। मां कलावती देवी ने बताया कि बेटी किरण(19) मशानथाना गांव के एक युवक से प्रेम करती थी। उसी से शादी करना चाहती थी। लड़का भी तैयार था, लेकिन किरण के पिता इंद्रदेव राम उसकी शादी कहीं और करना चाहते थे।

मां ने बताया कि किरण ने अपने पसंद के लड़के से शादी की बात कही। परिवार को वह लड़का पसंद नहीं था। इस पर परिवार उसके खिलाफ हो गया। रविवार की रात किरण के पिता, उसके चाचा और बड़े पापा घर पहुंचे। सभी किरण को मारने-पीटने लगे। बेटी को बचाने आने पर मुझे भी पीटने लगे।

किरण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगी। मां बेटी के जान की भीख मांगने लगी, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। बेटी को पकड़ लिया। चाचा अमरदेव राम और बड़े पिता आराज्ञा राम ने हाथ-पैर पकड़े और पिता ने गला रेत दिया। मौके पर ही किरण छटपटाते हुए दम तोड़ दिया। आरोपी शव को उठाकर घर के पास खेत में फेंककर फरार हो गए।

ऑनर किलिंग की सूचना पर सुबह पुलिस गांव पहुंची। मां के बयान दर्ज किए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने जांच के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी करने की बात कही है।

SDPO संजीव कुमार ने कहा कि जैसे ही पुलिस को सूचना मिली, मौके पर नगर इंस्पेक्टर ललन कुमार के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस की अब तक की जांच में सभी बातें साफ हो चुकी हैं। अपराधी भी जल्द पकड़े जाएंगे। SDPO ने कहा कि लड़की कहीं और शादी करना चाहती थी और उसके घरवाले किसी और से शादी करना चाहते थे, इसी विवाद में युवती की हत्या कर दी गई।