"दीपिका शुक्ला ने 'ब्रज की रसोई' के साथ मनाया जन्मदिन, जरूरतमंदों के चेहरे पर बिखेरी खुशी"
लखनऊ में 'ब्रज की रसोई' ने दीपिका शुक्ला के जन्मदिन के अवसर पर जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस खास मौके पर दीपिका ने बेसहारा बच्चों को केक, मिठाइयां और वस्त्र भेंट किए। संस्था ने झुग्गियों और निर्माणाधीन मजदूरों के लिए करीब 920 लोगों को कढ़ी-चावल वितरित किए। कार्यक्रम में समाजसेवी विपिन शर्मा और अन्य सदस्यों ने इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक कदम बताया।
लखनऊ। क्या कभी आपने सोचा है कि आपकी छोटी-सी मदद किसी की भूख मिटाकर उसके चेहरे पर मुस्कान ला सकती है? लखनऊ में 'ब्रज की रसोई' एक ऐसी पहल है, जो 'इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी' के तहत जरूरतमंदों को पौष्टिक भोजन देकर उनके जीवन में नई उम्मीद जगा रही है।

वरिष्ठ सदस्य पंकज राय ने कहा इस नेक प्रयास का नेतृत्व विपिन शर्मा कर रहे हैं, जो समाज के प्रति अपने समर्पण के लिए जाने जाते हैं।

सदस्य विकास पाण्डेय का कहना है कि भोजन केवल पेट भरने का साधन नहीं, बल्कि जीने की प्रेरणा है।

संस्था की राष्ट्रीय महिलाध्यक्ष रजनी शुक्ला ने कहा आज के निःशुल्क भोजन वितरण में संस्था की सदस्य इंदु शुक्ला ने अपनी पुत्री दीपिका शुक्ला का जन्मदिन 'ब्रज की रसोई' के साथ मनाया।

बर्थड़े गर्ल दीपिका ने इस खास अवसर पर बेसहारा बच्चों को केक, मिठाइयां और वस्त्र भेंट किए, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

सामाजिक कार्यकर्ता भूपेंद्र कौल ने बताया आज आशियाना क्षेत्र के रतन खंड इलाके में संस्था ने झुग्गियों और निर्माणाधीन स्कूल के मजदूरों के बीच लगभग 920 लोगों को कढ़ी-चावल वितरित किए।

आज के कार्यक्रम में देवांश रस्तोगी, पंकज राय, विशाल सक्सेना, भूपेंद्र कौल, विकास पाण्डेय, रंजीत, ध्रुव सक्सेना संस्था की राष्ट्रीय महिलाध्यक्ष रजनी शुक्ला, इंदु शुक्ला, दीपिका शुक्ला सहित सभी स्वयंसेवकों का विपिन शर्मा ने सभी दानदाताओं और स्वयंसेवकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रतीक है।

'ब्रज की रसोई' सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराकर उनके जीवन में नई ऊर्जा भर रही है।


