ऊर्जा मंत्री की छवि धूमिल कर रहे बिजली विभाग के अफसर!
विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर नहीं उठाते फोन एसडीओ-जेई 20 घंटे तक बिजली की अजब गजब समस्या से जूझे बंगला बाजार निवासी
लखनऊ। तू डाल डाल, तो मैं पात पात... यह कहावत बिजली विभाग के कर्मियों पर एकदम फिट बैठती है। ऊर्जा मंत्री की विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर उसे तत्काल निस्तारित किए जाने का निर्देश दिया। विद्युत कर्मियों पर इस निर्देश का कोई असर नहीं दिखाई पड़ रहा है। रजनीखंड विद्युत उपकेंद्र के तहत बंगला बाजार इलाके में बीते 20 घंटे से बिजली की अजब गजब समस्या बनी रही। इस समस्या की वजह से लोगों को नहाने का पानी तो छोड़िए पीने के पानी तक के लिए तरसना पड़ा। समस्या की जानकारी के संबंध में जब उपकेंद्र के एसडीओ और जेई से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो दोनों ही अधिकारियों ने फोन ही नहीं उठाया।
| बीते करीब 20 घंटे से बिजली की समस्या से जूझ रहे बंगला बाजार विद्युत उपभोक्ताओं की सुनने वाला कोई नहीं है। स्थानीय लोगों ने बिजली की अजब गजब समस्या की जानकारी देने के लिए जेई से लेकर विभागीय मंत्री तक को फोन किया। किसी भी अधिकारी और कर्मी ने फोन नहीं उठाया। काफी प्रयासों के बाद जब वृन्दावन पावर हाउस में बैठने वाले अधिशाषी अभियंता को बंगला बाजार बिजली समस्या से जूझ रहे उपभोक्ताओं की बात बताई गई तो उन्होंने कहा कि वह समस्या का निस्तारण करवाते है। |
मिली जानकारी के मुताबिक रजनीखंड विद्युत उपकेंद्र के तहत बंगला बाजार इलाके में शुक्रवार शाम चार बजे से बिजली की आवाजाही लगी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली की आवाजाही की वजह से उन्हें पूरी रात जागकर बिताने को विवश होना पड़ा। बताया गया है घरों में लगे विद्युत उपकरण चलने के बाद भी लाइट इनवर्टर से चल रही थी। इनवर्टर से पंखों की रफ्तार बहुत धीमी होने की वजह से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान एक-दो मिनट लाइट आती और फिर चली जाती रही। यह सिलसिला शनिवार उपहार तक चलता रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार की सुबह जब लोगों ने पानी के लिए पंप चलाया तो वह कुछ मिनट तक तो जरूर चला लेकिन उसके बाद बंद हो गया। पंप नहीं चलने की वजह से लोगों के सामने पानी का संकट उत्पन्न हो गया। बिजली की आवाजाही के संबंध में जब आसपास के लोगों से बातचीत की तो पता चला कि यह समस्या सभी के घरों में हैं। इस समस्या के संबंध में जब रजनीखंड विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ और बंगला बाजार क्षेत्र के अवर अभियंता से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो कई प्रयासों के बाद भी दोनों अधिकारियों का फोन नहीं उठा।


