वाराणसी महिला डिप्टी जेलर पर होगी बर्खास्तगी की कार्रवाई!

वर्दी में वीडियो वायरल करने पर बर्खास्त हो चुका हेड वार्डर वाराणसी से पहले एटा जेल से भी वायरल हो चुका वीडियो

वाराणसी महिला डिप्टी जेलर पर होगी बर्खास्तगी की कार्रवाई!
जिला कारागार वाराणसी

लखनऊ। एटा जिला जेल जेलर के भ्रष्टाचार और यौन उत्पीड़न का वीडियो वायरल करने वाले हेड वार्डर की बर्खास्तगी के बाद अब वाराणसी जेल की डिप्टी जेलर के वायरल वीडियो पर भी कार्रवाई तैयारी है। वीडियो वायरल करने वाली महिला डिप्टी जेलर को घटना के बाद वाराणसी जेल से हटाकर प्रयागराज जिला कारागार में अस्थाई ड्यूटी पर लगा दिया गया था। इस मामले की जांच मुख्यालय की ओर से गठित जांच कमेटी कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद हेड वार्डर की तर्ज पर महिला डिप्टी जेलर के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इस संबंध में मुख्यालय के आला अफसर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। 

बीते दिनों वाराणसी जिला जेल में तैनात महिला डिप्टी जेलर का एक वीडियो वायरल हुआ था। वर्दी पहनकर वायरल किए गए इस वीडियो में महिला डिप्टी जेलर ने जेल अधीक्षक पर जेल में व्याप्त भ्रष्टाचार और अभद्रता किए जाने सरीखे कई गंभीर आरोप लगाए थे। मामला सुर्खियों में आने के बाद शासन ने जेल अधीक्षक को वाराणसी जेल से हटाकर सोनभद्र जेल भेज दिया। इसके साथ ही महिला डिप्टी जेलर के आरोपों की जांच मुख्यालय स्तर पर गठित कमेटी को सौंप दी थी। इससे पूर्व 21 जनवरी को एटा जेल के हेड वार्डर का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें भी हेड वार्डर ने जेलर समेत तीन अन्य लोगों पर कई गंभीर आरोप लगाए। पीड़ित हेड वार्डर वायरल वीडियो में कह रहा है कि जेलर छुट्टी नहीं देता है। छह माह से छुट्टी के लिए जेलर उत्पीड़न कर रहा है। वायरल वीडियो में पीड़ित हेड वार्डर कह रहा है कि जेलर प्रदीप कश्यप एक समुदाय की महिला को बुलाने के लिए दबाव बनाता है। 

सूत्रों की माने तो आरोपी जेलर को बचाकर वीडियो वायरल करने वाले हेड वार्डर को आगरा/कानपुर जेल परिक्षेत्र के डीआईजी प्रेमनाथ पांडे के निर्देश पर बर्खास्त कर दिया गया। यह कार्रवाई वीडियो वायरल होने के करीब डेढ़ माह बाद हुई थी। चर्चा है कि जिस प्रकार वर्दी में हेड वार्डर ने वीडियो वायरल कर अपना दर्द बयां किया था ठीक उसी तरह वाराणसी जेल में तैनात महिला डिप्टी जेलर ने भी वीडियो वायरल किया। हेड वार्डर के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई के बाद वाराणसी जेल की महिला डिप्टी जेलर के खिलाफ भी ऐसी ही कार्रवाई किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। चर्चा है कि दोनों ही वीडियो वर्दी में वायरल हुए है। इस संबंध में जब आईजी जेल पीवी रामाशास्त्री से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।