यूपी में पांचवे चरण का चुनाव: मतदान केंद्रों के बाहर लगी लंबी लाइन, कई जगह ईवीएम खराब होने की खबरें, वोटिंग जारी

मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ ही मतदान केंद्रों के बाद लोगों की लंबी लाइनें लग गईं। इस दौरान सुल्तानपुर के जयसिंह पुर व इसौली क्षेत्र में ईवीएम खराब होने की खबरें आईं पर प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और मतदान बहाल करवाया।

यूपी में पांचवे चरण का चुनाव: मतदान केंद्रों के बाहर लगी लंबी लाइन, कई जगह ईवीएम खराब होने की खबरें, वोटिंग जारी
उत्तर प्रदेश में पांचवें चरण का मतदान

यूपी में रविवार को पांचवें चरण के लिए मतदान हो रहा है। इस चरण में 61 सीटों के लिए अमेठी, रायबरेली, सुल्तानपुर, बाराबंकी, अयोध्या, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, चित्रकूट, प्रतापगढ़, कौशांबी और प्रयागराज में मतदान किया जा रहा है।

मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ ही मतदान केंद्रों के बाद लोगों की लंबी लाइनें लग गईं। इस दौरान सुल्तानपुर के जयसिंह पुर व इसौली क्षेत्र में ईवीएम खराब होने की खबरें आईं पर प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और मतदान बहाल करवाया।

सुल्तानपुर के इसौली विधान सभा क्षेत्र के बूथ संख्या 363 मनियारपुर पर मॉकपोल के बाद ईवीएम मशीन खराब हो गई थी। दूसरी मशीन लगने के एक घंटा पचास मिनट बाद 8 बजकर 50 मिनट पर मतदान शुरू हुआ। इसी तरह सदर विधानसभा के बाहरपुर बूथ संख्या 226 पर मॉकपोल के दौरान ईवीएम में तकनीकी खामी आ गई। हालांकि सेक्टर मजिस्ट्रेट हिमांशु पांडे ने खामी को दूर कर मॉकपोल कराया। यहां करीब आधे घंटे देरी से मतदान शुरू हुआ। रायबरेली के डीह ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय पूरे गोसाईंगंज में बने बूथ संख्या 27 में मशीन खराब हो गई।

श्रावस्ती के लाल केंदुआ गांव में ग्रामीणों ने कोई भी विकास कार्य न होने का आरोप लगाते हुए मतदान का बहिष्कार किया, जिस पर प्रशासन ने उन्हें समझाने का प्रयास किया l

श्रावस्ती में 290 विधानसभा क्षेत्र के लाल केंदुआ पोलिंग बूथ पर लाल केंदुआ गांव के लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कोई विकास कार्य नहीं कराया जा रहा है। गांव में आने-जाने के लिए अच्छे रास्ते नहीं हैं। हमेशा जलभराव व कीचड़ भरा रहता है। इससे नाराज ग्रामीणों ने मतदान न करने का फैसला किया है। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर उपजिलाधिकारी पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक जिला अधिकारी आकर गांव की खराब व्यवस्था नहीं देख लेते तब तक ग्राम वासी मतदान नहीं करेंगे।

 सुल्तानपुर सीट पर सपा प्रत्याशी अनूप संडा ने अपनी पत्नी व बेटियों संग वोट डाला।

सुल्तानपुर सदर विधानसभा के रामपुर विरतिहा बूथ संख्या- 156 रामकेवल (56 वर्ष) मतदान देने पहुंचे तो पता चला कि वोटर लिस्ट में उनका नाम ही नहीं है। फॉर्म-7 मांगने पर उपलब्ध नहीं हो सका। कादीपुर के बूथ पर मतदान के लिए लंबी लाइन लगी देखी गई।