इलाहाबाद विश्वविद्यालय में ऑनलाइन परीक्षा की मांग को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन, कैंपस में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

मांगों के समर्थन में सैकड़ो की संख्या में छात्र विश्वविद्यालय कैंपस में सुबह से एकत्र होकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में ऑनलाइन परीक्षा की मांग को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन, कैंपस में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में ऑनलाइन परीक्षा की मांग को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन

इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्नातक की परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में कराए जाने के निर्णय के विरोध में आज बड़ी संख्या में छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय का घेराव किया। छात्रों के हंगामे के बीच भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही। गौरतलब है कि 22 अप्रैल से स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में विश्वविद्यालय की तरफ से कराए जाने की घोषणा की गई है। एबीवीपी के इकाई सचिव आलोक त्रिपाठी का कहना है कि पूरे साल ऑनलाइन मोड में कक्षाओं का संचालन किया गया तो ऑनलाइन मोड में ही परीक्षाएं आयोजित की जानी चाहिए।

ऑनलाइन मोड पर ही हो परीक्षा : मांगों के समर्थन में सैकड़ो की संख्या में छात्र विश्वविद्यालय कैंपस में सुबह से एकत्र होकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी से विश्वविद्यालय में स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की ऑफलाइन कक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। आज सुबह छात्रसंघ भवन पर इकट्ठा हुए छात्र अर्थशास्त्र विभाग, राजनीति विज्ञान विभाग, चीफ प्रॉक्टर कार्यालय, डीएसडब्ल्यू कार्यालय होते हुए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंचे। सैकड़ों की संख्या में मौजूद छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय का घेराव शुरू कर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। एनएसयूआई के छात्रनेता सत्यम कुशवाहा सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र ऑफलाइन परीक्षाएं कराए जाने का फैसला वापस लिए जाने की मांग पर अड़े थे।