शिक्षक कर्मचारी संगठन 1 अप्रैल को मनाएंगे काला दिवस
1 मई को जंतर मंतर दिल्ली मे विशाल प्रर्दशन होगा-विजय कुमार बन्धु
लखनऊ। नेशनल मूवमेंट फ़ॉर ओल्ड पेंशन स्कीम के आह्वान पर 1 अप्रैल को यूपीएस के विरोध में पूरे देश में काला दिवस मनाया जाएगा। 1 अप्रैल 2025 से भारत सरकार ने केंद्र की नौकरियों में यूपीएस लागू करने का निर्णय लिया है इस निर्णय का पूरे देश का शिक्षक व कर्मचारी विरोध कर रहा है। इसलिये 1 अप्रैल को पूरे देश का शिक्षक व कर्मचारी काली पट्टी बांधकर अपना विरोध प्रकट कर सरकार से एनपीएस व यूपीएस को समाप्त कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग करेगा। उत्तर प्रदेश में अटेवा के बैनर तले पूरे प्रदेश का शिक्षक व कर्मचारी काली पट्टी बांधकर अपने कार्यस्थल पर काम कर सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग करेगा तथा जिला अधिकारी को एनपीएस व यूपीएस को समाप्त करने का ज्ञापन देगे। 1 अप्रैल के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अटेवा की प्रदेश के विभिन्न कर्मचारी संगठनों के साथ एक बैठक कैंट स्थित कार्यालय में बैठक की गई जिसमें विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अध्यक्ष व नेताओं ने भाग लिया। सभी ने एक सुर में यूपीएस को हटा कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की।
बैठक को संबोधित करते हुए एन एम ओ पी एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में लिये गए निर्णय के अनुसार पूरे देश मे काला दिवस मनाया जाएगा। सभी संगठनों से आह्वान है कि पुरानी पेंशन बहाली के लिये काला दिवस पर अटेवा का साथ दें। तथा 1 मई को जंतर मंतर दिल्ली में विशाल प्रर्दशन किया जायेगा। अटेवा के प्रदेश महामंत्री डॉ नीरज पति त्रिपाठी ने कहा कि सरकार देश के अर्द्धसैनिक बलों की पुरानी पेंशन बहाल कर उनके बुढ़ापे की लाठी को मजबूत करे। प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ राजेश कुमार ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली कर्मचारियों के जीवन से जुड़ी है यदि पुरानी पेंशन बहाल करानी है तो हम सबको एकजुट होना पड़ेगा। तभी पुरानी पेंशन बहाल होगी। बैठक में प्रमुख रूप से संगीता देवी, विजय कुमार विश्वास,नरेंद्र कुमार,विजय सिंह, विनय कुमार, मनोज कुमार, सुरेश, धीरेन्द्र, शिव लाल, मीना कुमारी समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी व नेता उपस्थित रहे।


