भाजपा मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी, बोले- आज भारत के लोकतंत्र के लिए उत्सव का दिन, कहा- कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से यह संभव हुआ

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे युवाओं ने जिस प्रकार भाजपा को समर्थन दिया है, वह अपने आप में बहुत बड़ा संदेश है। मुझे इस बात का भी संतोष है कि फर्स्ट टाइम वोटर्स ने बढ़चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया और भाजपा की जीत पक्की की। चुनाव के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी।......

भाजपा मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी, बोले- आज भारत के लोकतंत्र के लिए उत्सव का दिन, कहा- कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से यह संभव हुआ
पीएम मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं

विधानसभा चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मणिपुर में भाजपा गठबंधन बहुमत की ओर बढ़ रहा है। वहीं, गोवा में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी के इस प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचे। पीएम के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई अन्य शीर्ष नेता भी पार्टी मुख्यालय पर मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी के अन्य नेताओं ने उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद यहां पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे युवाओं ने जिस प्रकार भाजपा को समर्थन दिया है, वह अपने आप में बहुत बड़ा संदेश है। मुझे इस बात का भी संतोष है कि फर्स्ट टाइम वोटर्स ने बढ़चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया और भाजपा की जीत पक्की की। चुनाव  के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने ये विजयी पताका लहराई है। मैं भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करता हूं। जनता-जनार्दन का दिल जीतने में, विश्वास जीतने में हम सफल रहे और पूरे पार्टी का नेतृत्व जिन्होंने किया। जिन्होंने लगातार मार्गदर्शन किया, ऐसे हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का मैं अभिनंदन करता हूं, बधाई देता हूं।

उन्होंने कहा कि सभी छोटे-मोटे कार्यकर्ताओं ने उनके अथक परिश्रम से एनडीए के लिए जीत का चौका लगाया है। साथियों उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए, लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी सीएम को दोबारा चुने जाने का यह पहला उदाहरण है।

नड्डा बोले- भाजपा को उत्तर प्रदेश की जनता ने आशीर्वाद दिया : इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चार बार नरेंद्र मोदी को प्रदेश की जनता ने लगातार अपना आशीर्वाद दिया है। 2014 लोकसभा में प्रचंड जीत हासिल हुई थी, 2017 में प्रदेश की जनता ने आशीर्वाद दिया था। 2019 में जनता ने फिर से लोकसभा में आशीर्वाद दिया था। इस बार 2022 में चौथी बार भाजपा को उत्तर प्रदेश की जनता ने आशीर्वाद दिया है।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदली है। लंबे समय तक एक राजनीति चल रही थी। वह राजनीति थी भाई, भतीजावाद, भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता, जातिवाद, परिवारवाद, क्षेत्रवाद। इनकी राजनीति लंबे समय से चल रही थी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदल दी है। अब रिपोर्ट कार्ड की राजनीति है। काम करोगे, जनता के बीच में जाओगे और जनता का आशीर्वाद लोगे। आज विकास की राजनीति है, महिला सशक्तिकरण, किसानों का सशक्तिकरण की राजनीति है।